ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सर्पदंश से मासूम की मौत: सड़क न होने से समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सके परिजन, विकास कार्यों पर उठे सवाल

चितरंगी के खुर्मुचा गांव की घटना; पहले झाड़-फूंक में गंवाया समय, फिर खराब रास्ते ने छीनी मासूम की जिंदगी

सिंगरौली/चितरंगी। जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खुर्मुचा (टोला चरकी पहाड़ी) में सर्पदंश से एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद ग्रामीण क्षेत्र में सड़क जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों का आरोप है कि यदि गांव तक सड़क होती तो बच्चे को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सकता था और उसकी जान बच सकती थी।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान श्रीमांजल साकेत के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि देर रात करीब 2 बजे बच्चा घर से बाहर शौच के लिए गया था। इसी दौरान उसके पैर में एक जहरीला सांप लिपट गया और दाहिने पैर के अंगूठे में काट लिया। बच्चे ने तत्काल अपने पिता शंकर साकेत को घटना की जानकारी दी। जब पिता बाहर पहुंचे तो सांप वहां से निकल चुका था।

घटना के बाद परिजनों ने पहले गांव में झाड़-फूंक कराने वाले व्यक्ति को बुलाया। कुछ समय बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी और वह बेहोश हो गया। इसके बाद परिजनों ने वाहन की व्यवस्था कर उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन गांव से मुख्य सड़क लगभग तीन किलोमीटर दूर होने और रास्ता खराब होने के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों का कहना है कि यदि गांव तक सड़क बनी होती तो वाहन सीधे घर तक पहुंच जाता और समय रहते बच्चे को उपचार मिल सकता था। उन्होंने प्रशासन पर ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क के अभाव में ऐसी घटनाओं में लोगों की जान जा रही है।

घटना की सूचना चितरंगी थाना में दे दी गई है। वहीं ग्रामीणों ने गांव तक शीघ्र सड़क निर्माण कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं, तो भविष्य में भी ऐसे हादसों में लोगों की जान जाती रहेगी।

Author

Related Articles

Back to top button