जनसुनवाई शिविर में गूंजी ग्रामीणों की समस्याएं, निस्तार भूमि की लीज पर उठे सवाल
कोई भी पात्र व्यक्ति जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे — विधायक विश्वामित्र पाठक

सिंगरौली/ विधानसभा क्षेत्र सिहावल की ग्राम पंचायत डढ़िया में क्षेत्रीय विधायक विश्वामित्र पाठक के मुख्य आतिथ्य में जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। विधायक ने एक-एक आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी हितग्राही योजनाओं से वंचित न रहे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना, नल-जल योजना, पेंशन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्रतानुसार लाभ लेने का आग्रह किया। साथ ही किसानों से परंपरागत खेती के साथ कुटकी, रागी जैसी मोटे अनाज की फसलों को अपनाने तथा रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर जैविक खाद के उपयोग की सलाह दी।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने ग्राम की निस्तार भूमि एवं पूर्व में वृक्षारोपण की गई भूमि को क्रेशर खदान के लिए आवंटित किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए लीज निरस्त करने की मांग रखी। इस पर विधायक विश्वामित्र पाठक ने कहा कि संबंधित भूमि सार्वजनिक उपयोग और ग्रामीणों के निस्तार की है तथा उसके समीप छात्रावास भवन भी स्थित है। जनहित और ग्रामीणों की सुविधाओं को सर्वोपरि बताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में जनपद सीईओ रोहित उपाध्याय, तहसीलदार शिवमूर्ति सरल, नायब तहसीलदार गणेश पाण्डेय, खनिज निरीक्षक रजत गौतम, टीआई राजेश पाण्डेय, एसडीओ श्रवण चतुर्वेदी, सरपंच अनिल रावत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।













