बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

हाईवे पर गुजरते ट्रकों से ₹200 की कथित वसूली का वीडियो वायरल, ट्रांसपोर्टरों ने उठाए सवाल

नगर परिषद के नाम पर वसूली का आरोप; सीएमओ बोले- बस स्टैंड व ऑटो स्टैंड की सफाई तक सीमित है परिषद की जिम्मेदारी, मामले पर टिप्पणी से किया इनकार

सिंगरौली। जिले के बरगवां क्षेत्र से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-39 पर भारी वाहनों से कथित रूप से ₹200 प्रति ट्रक की वसूली का मामला सामने आने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कुछ लोग हाईवे पर ट्रकों को रोककर पैसे लेते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ट्रांसपोर्टरों का आरोप है कि नगर परिषद बरगवां ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए वाहन स्टैंड शुल्क की दरें निर्धारित कर रखी हैं, लेकिन जो ट्रक केवल हाईवे से गुजर रहे हैं और किसी स्टैंड का उपयोग नहीं कर रहे, उनसे भी ₹200 की वसूली की जा रही है। उनका कहना है कि यह स्पष्ट नहीं है कि यह राशि किस नियम या आदेश के तहत ली जा रही है।

वायरल वीडियो में कथित रूप से वसूली कर रहे व्यक्ति से शुल्क का आधार पूछे जाने पर वह इसे नगर परिषद की वसूली बताता दिखाई दे रहा है। इसके बाद ट्रक मालिकों और चालकों ने आरोप लगाया कि इस तरह की वसूली से परिवहन व्यवसाय प्रभावित हो रहा है और चालकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

सीएमओ ने वसूली पर टिप्पणी से किया इनकार
मामले में नगर परिषद बरगवां के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) अमित सिंह ने बताया कि नगर परिषद की जिम्मेदारी बस स्टैंड और ऑटो स्टैंड क्षेत्रों में साफ-सफाई की व्यवस्था करना है। उन्होंने कहा कि राजस्व बढ़ाने के उद्देश्य से जुलाई माह से स्टैंड संचालन का ठेका दिया गया है। हालांकि, नेशनल हाईवे-39 पर कथित वसूली के संबंध में उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

जांच और कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद ट्रांसपोर्टरों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, वसूली की वैधता स्पष्ट करने तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button