बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

15 दिन में ढह गया लाखों का चेकडैम, पहली ही बारिश में बह गई गुणवत्ता; निर्माण पर उठे सवाल

देवसर जनपद के ग्राम कठदहा का मामला, ग्रामीणों ने लगाए अनियमितता के आरोप; सीईओ बोले- होगी तकनीकी जांच, दोषियों पर कार्रवाई

सिंगरौली। जिले की देवसर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम कठदहा में लाखों रुपये की लागत से निर्मित चेकडैम पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया। निर्माण पूरा होने के महज 15 दिन बाद ही चेकडैम के ढह जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है और उन्होंने निर्माण कार्य में अनियमितता तथा गुणवत्ता से समझौता किए जाने का आरोप लगाया है।

ग्रामीणों का कहना है कि जिस चेकडैम का निर्माण जल संरक्षण और सिंचाई सुविधा के लिए कराया गया था, वह मामूली बारिश का दबाव भी नहीं झेल सका। पहली ही बारिश में चेकडैम का बड़ा हिस्सा ढह गया, जिससे सरकारी धन के उपयोग पर सवाल उठने लगे हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण नया निर्माण कुछ ही दिनों में धराशायी हो गया। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मामले पर देवसर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सूरज मिश्रा ने बताया कि चेकडैम के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलते ही निरीक्षण के लिए टीम रवाना की गई है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य का तकनीकी परीक्षण कराया जाएगा और यह भी जांच होगी कि निर्माण एजेंसी कौन थी, कार्य का भुगतान हुआ है या नहीं तथा यदि हुआ है तो कितनी राशि जारी की गई है।
सीईओ ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में निर्माण कार्य में अनियमितता, तकनीकी खामी या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।

Author

Related Articles

Back to top button