औद्योगिक क्षेत्र बलियरी विस्फोट के शहीद श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित
स्मृति स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा, औद्योगिक सुरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन का दिया गया संदेश

सिंगरौली। औद्योगिक क्षेत्र बलियरी में 5 जुलाई 2009 को हुए भीषण विस्फोट हादसे में शहीद हुए 22 श्रमिकों की स्मृति में गुरुवार को गनियारी प्लाजा के समीप स्थित शहीद स्मृति स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सिंगरौली विधानसभा के विधायक श्री रामनिवास शाह, महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल, नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष सुन्दर लाल शाह, अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी सहित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों ने शहीद श्रमिकों के स्मारक पर पुष्पचक्र एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उपस्थित जनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत श्रमिकों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना भी की।
इस अवसर पर विधायक श्री रामनिवास शाह ने कहा कि बलियरी विस्फोट जिले के इतिहास की अत्यंत दुखद घटना है, जिसे आज भी लोग भूला नहीं पाए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों को सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कंपनियों से नियमित सुरक्षा ऑडिट कराने, सुरक्षा व्यवस्थाओं की समय-समय पर समीक्षा करने तथा श्रमिकों को सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि शहीद श्रमिकों के परिवारों से निरंतर संपर्क बनाए रखते हुए उनकी समस्याओं के समाधान एवं हरसंभव सहयोग के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाना चाहिए।
महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल ने शहीद श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि प्रत्येक औद्योगिक इकाई में निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का नियमित ऑडिट कराया जाए तथा प्रत्येक कर्मचारी को सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक बनाया जाए, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न्यूनतम हो।नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय ने कहा कि सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों को सुरक्षा संबंधी अधिनियमों एवं नियमों का पूर्ण पालन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक हैं, उसी प्रकार औद्योगिक कार्यस्थलों पर सुरक्षा उपकरणों एवं सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन प्रत्येक श्रमिक और प्रबंधन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण एवं परीक्षण सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में श्रम निरीक्षक राहुल प्रधान सहित, विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने उपस्थित होकर शहीद श्रमिकों को श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा औद्योगिक सुरक्षा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता व्यक्त की।













