सिंगरौली में ‘अमृत हरित महाअभियान’ 2.0 का शंखनाद
विधायक, महापौर, नगर निगम अध्यक्ष एवं कलेक्टर ने गनियारी मुक्तिधाम में किया पौधरोपण

पहले दिन जनभागीदारी से लगाए गए 1,500 पौधे औद्योगिक प्रगति के साथ सिंगरौली को हरित शहर बनाना हमारा संकल्प : विधायक श्री रामनिवास शाह
सिंगरौली, – पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को एक सशक्त जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से आज नगर पालिक निगम सिंगरौली द्वारा ‘अमृत हरित महाअभियान’ का भव्य शंखनाद किया गया। गनियारी मुक्तिधाम परिसर में आयोजित इस वृहद कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ सिंगरौली विधायक श्री रामनिवास शाह, महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल, नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय, कलेक्टर श्री गौरव बैनल एवं भाजपा जिला अध्यक्ष श्री सुंदरलाल शाह की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
महाअभियान के प्रथम दिवस गनियारी मुक्तिधाम में आम जनमानस, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं एवं महिलाओं की अभूतपूर्व भागीदारी से 1,500 पौधों का रोपण किया गया। इस महत्वाकांक्षी अभियान के तहत संपूर्ण नगर निगम क्षेत्र में कुल 1 लाख 50 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री रामनिवास शाह ने कहा कि औद्योगिक प्रगति के साथ-साथ पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। सिंगरौली को स्वच्छ, हरित एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए इस महाअभियान में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम का यह प्रयास सिंगरौली की फिजा को बदलने का कार्य करेगा। हमारा संकल्प केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि जन-जन के सहयोग से शहर के प्रत्येक क्षेत्र को हरा-भरा एवं प्रदूषण मुक्त बनाना है।नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय ने कहा कि हम सभी पर्यावरण संरक्षण के इस पावन कार्य के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध हैं। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि जनभागीदारी से लगाया गया प्रत्येक पौधा सुरक्षित रहे और विकसित होकर शहर को सघन हरित आवरण प्रदान करे।कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने कहा कि जिला प्रशासन इस महाअभियान को पूर्ण सफलता दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। रोपे गए सभी पौधों की सुरक्षा एवं जीवितता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाएगी, जिससे अभियान के अपेक्षित परिणाम प्राप्त हो सकें।
नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने अभियान की विस्तृत कार्ययोजना की जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि रोपे गए सभी 1,500 पौधों सहित आगामी दिनों में लगाए जाने वाले पौधों के लिए ट्री गार्ड एवं नियमित सिंचाई की समुचित व्यवस्था की जाएगी, ताकि आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र सघन हरित आवरण का स्वरूप धारण कर सके।गनियारी मुक्तिधाम से प्रारंभ हुए इस अभियान के अंतर्गत नगरीय क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, शासकीय परिसरों, शैक्षणिक संस्थानों तथा मुख्य सड़कों के किनारे व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति उल्लेखनीय जन उत्साह देखने को मिला। नगर निगम प्रशासन एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने शहरवासियों से अपील की कि वे इस महाअभियान से जुड़कर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लें, ताकि भावी पीढ़ी को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। कार्यक्रम में पार्षद श्रीमती शिवकुमारी कुशवाहा, राम मिलन भारती, संतोष शाह, खुर्शीद आलम, आशीष बैस, अनिल बैस एवं रामगोपाल पाल सहित नगर निगम के कार्यपालन यंत्री श्री संतोष पाण्डेय, डिप्टी कमिश्नर वित्त अनुपम द्विवेदी, सहायक आयुक्त ज्येति सिंह, एच.एम श्रीवास्तव, स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी चतुर्वेदी, सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी, दिनेश तिवारी, डी.के. सिंह , सहायक विधि अधिकारी अक्षत उपाध्याय तथा जन अभियान परिषद के समन्वयक श्री राजकुमार विश्वकर्मा एवं उनकी टीम, आम जनमानस तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।













