देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

गरीब रथ के एसी कोच में महिला को सर्पदंश की आशंका, मचा हड़कंप; रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

 

मेदिनीनगर। गरीब रथ एक्सप्रेस के एसी कोच में सफर कर रही एक महिला यात्री को कथित रूप से सांप के काटने की आशंका के बाद ट्रेन में हड़कंप मच गया। घटना के बाद महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि रेलवे की कोच सुरक्षा, सफाई और रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, शहर थाना क्षेत्र के बैरिया निवासी रिमझिम सिंह 3 जुलाई की रात डाल्टनगंज से नई दिल्ली जाने के लिए गरीब रथ एक्सप्रेस की जी-12 बोगी में सवार हुई थीं। ट्रेन रवाना होने के करीब 15 मिनट बाद उन्हें तेज पसीना, घबराहट और पैर में असहनीय दर्द महसूस हुआ। पैर पर दो दांत जैसे निशान दिखाई देने पर उन्होंने इसकी तस्वीर अपने भाई को भेजी, जिसके बाद चिकित्सक ने सर्पदंश की आशंका जताई।

महिला ने तुरंत रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही रेलवे के डॉक्टर और टीटीई मौके पर पहुंचे। प्राथमिक जांच में डॉक्टर ने भी सर्पदंश की आशंका व्यक्त की। इसके बाद गढ़वा रोड जंक्शन पर महिला और उनके बच्चों को ट्रेन से उतारकर सदर अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

परिजनों के अनुसार, रिमझिम सिंह फिलहाल मेदिनीनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत में सुधार है।

घटना के बाद यात्रियों ने रेलवे की कोच मेंटेनेंस, सफाई और पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि नियमित फ्यूमिगेशन और निरीक्षण किया जाता है तो एसी कोच में जहरीले जीव कैसे पहुंच सकते हैं। यात्रियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, कोचों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button