वाहन चेकिंग में युवक का हंगामा, टीआई से अभद्रता; पुलिस ने थाने ले जाकर काटा ₹5,500 का चालान

जबलपुर। शहर के लार्डगंज थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक युवक द्वारा थाना प्रभारी (टीआई) और पुलिसकर्मियों से अभद्र व्यवहार करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस युवक को पकड़कर वाहन में बैठाते हुए दिखाई दे रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गुरुवार देर रात बल्देवबाग चौक पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बाइक चला रहे 18 वर्षीय युवक भावेश रजक को पुलिस ने रोक लिया। पुलिस ने बाइक से तेज पटाखे जैसी आवाज आने पर मॉडिफाइड साइलेंसर हटाने के लिए कहा, लेकिन इस बात पर युवक भड़क गया और कथित तौर पर टीआई से अभद्र भाषा में बात करते हुए कहा, “तू मुझे जानता नहीं, मैं कौन हूं।” इसके बाद मौके पर काफी देर तक बहस और हंगामा होता रहा।
पुलिस का कहना है कि युवक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता की, जिसके बाद उसे थाने ले जाया गया। इस दौरान घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाद में युवक के परिजनों को थाने बुलाया गया। उसके पिता ने बेटे की गलती स्वीकार करते हुए पुलिस से माफी मांगी।
लार्डगंज थाना प्रभारी नवल आर्य ने बताया कि युवक के वाहन का चालान मोटर वाहन अधिनियम के तहत ₹5,500 का काटा गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने और मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।













