ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

ट्रेन की छत पर चढ़ा युवक 25 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आया, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

इटारसी। मध्य प्रदेश के इटारसी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को एक युवक ट्रेन की छत पर चढ़ गया और ऊपर से गुजर रही 25 हजार वोल्ट की ओवरहेड बिजली लाइन की चपेट में आ गया। तेज धमाके के साथ युवक झुलसकर ट्रैक पर गिर पड़ा। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, हजरत निजामुद्दीन से एर्नाकुलम जा रही मंगला एक्सप्रेस सी-केबिन आउटर पर खड़ी थी। इसी दौरान युवक ट्रेन की छत पर चढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह मोबाइल पर बात करता दिखाई दे रहा था और यात्रियों के बार-बार नीचे उतरने की अपील के बावजूद छत पर ही खड़ा रहा। कुछ ही देर बाद वह हाई वोल्टेज लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ और वह गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़ा।

सूचना मिलते ही आरपीएफ और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए नर्मदापुरम जिला अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवक लगभग 70 प्रतिशत तक झुलस गया है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

आरपीएफ ने बताया कि युवक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। मामले की जांच की जा रही है कि वह ट्रेन की छत पर कैसे पहुंचा और घटना के पीछे क्या कारण था।

Author

Related Articles

Back to top button