स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़: 3 युवतियां, 3 ग्राहक और संचालक गिरफ्तार

दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में स्पा सेंटर की आड़ में संचालित किए जा रहे कथित देह व्यापार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान तीन युवतियों, तीन ग्राहकों और स्पा सेंटर संचालक सहित कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि शहर के एक स्पा सेंटर में मसाज की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने स्पा सेंटर पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान तीन युवतियां और तीन ग्राहक संदिग्ध परिस्थितियों में मिले, जिन्हें मौके से हिरासत में लिया गया। स्पा सेंटर संचालक को भी गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्पा सेंटर में कार्य के लिए युवतियों को जबलपुर और कोलकाता से बुलाया गया था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित कड़ियों की भी जांच कर रही है।
सीएसपी एच.आर. पांडे ने बताया कि शहर में स्पा सेंटर मसाज सेंटर के रूप में पंजीकृत हैं, लेकिन यदि किसी भी केंद्र में नियमों के विपरीत गतिविधियां संचालित होती पाई गईं तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि शहर के अन्य स्पा सेंटरों की भी जांच जारी रहेगी।













