चीन की जूता फैक्ट्री में भीषण अग्निकांड: 28 मजदूरों की मौत, कई घायल; राहत-बचाव अभियान जारी

बीजिंग। चीन के पूर्वी फ़ुजियान प्रांत में स्थित एक जूता निर्माण फैक्ट्री में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और फैक्ट्री से उठता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देता रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कई कर्मचारी फैक्ट्री के भीतर ही फंस गए। कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए इमारत की छत पर शरण ली, जहां से उन्हें बचाने के लिए विशेष रेस्क्यू अभियान चलाया गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और आपदा राहत दल मौके पर पहुंच गए।
करीब 183 बचावकर्मियों और 35 दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। हालांकि, तेज लपटों और घने धुएं के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि आग फैक्ट्री के ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई, जहां जूते बनाने में उपयोग होने वाला गोंद और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। इन्हीं पदार्थों के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने, घायलों के समुचित उपचार और दुर्घटना की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के आदेश भी दिए गए हैं। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।













