बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

बारिश से पहले निगम का एक्शन: जर्जर मकान ढहाया, खतरनाक भवन मालिक को तीन दिन का अल्टीमेटम

जबलपुर। बारिश के मौसम में संभावित हादसों को रोकने के लिए नगर निगम ने शहर के जर्जर और खतरनाक भवनों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर भवन एवं अतिक्रमण शाखा ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए एक जर्जर मकान को ध्वस्त किया, जबकि एक अन्य भवन के मालिक को तीन दिन के भीतर खतरनाक हिस्सा हटाने का अंतिम नोटिस दिया है।

अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान और सौरभ मिश्रा के नेतृत्व में निगम की टीम ने शहर के कई इलाकों का निरीक्षण किया। सरदार वल्लभभाई पटेल वार्ड के पिसनहारी की मढ़िया क्षेत्र में एक अत्यंत जर्जर भवन को चिन्हित किया गया। भवन स्वामी द्वारा स्वयं खतरनाक हिस्सा हटाने का आश्वासन देने पर निगम ने तीन दिन की मोहलत दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर निगम स्वयं भवन हटाएगा।

इसी अभियान के तहत अधारताल के रविंद्र नगर स्थित एक खतरनाक मकान को मशीनों की मदद से सुरक्षित तरीके से ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।

नगर निगम ने बताया कि शहरभर में जर्जर भवनों का सर्वे लगातार जारी है। ऐसे भवन मालिकों को पहले नोटिस देकर स्वयं कार्रवाई का अवसर दिया जा रहा है। समय सीमा पूरी होने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर निगम नियमानुसार भवन हटाएगा और कार्रवाई में आने वाला खर्च भी संबंधित भवन स्वामी से वसूला जाएगा।

Author

Related Articles

Back to top button