बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करें, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: आयुक्त

पीएम आवास की जियो टैगिंग, स्वच्छता, पेयजल गुणवत्ता और वर्षाकालीन व्यवस्थाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

सिंगरौली। नगर पालिक निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने गुरुवार को निगम अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किया जाए। लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों की जियो टैगिंग शीघ्र पूर्ण करने तथा सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए गए। वर्षा ऋतु को देखते हुए आयुक्त ने शहर की सड़कों से निर्माण सामग्री एवं मलबा तत्काल हटाने, जलभराव, नाली और सड़क संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा सभी सहायक यंत्रियों व उपयंत्रियों को नियमित फील्ड भ्रमण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम के रखरखाव, स्वच्छता एवं रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, निगम कंट्रोल रूम का दूरभाष 24×7 संचालित रखने तथा प्रत्येक शिकायत पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

आयुक्त ने न्यायालय परिसर के सामने पुरुष एवं महिला शौचालय की समुचित व्यवस्था तथा सभी वार्डों में पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित जल परीक्षण कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में सहायक आयुक्त श्रीमती ज्योति सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी. चतुर्वेदी, सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी सहित निगम के अधिकारी एवं उपयंत्री उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button