बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली में डीजल से भरा टैंकर पलटा, रिसते ईंधन की मची लूट; डिब्बे-बर्तन लेकर पहुंचे ग्रामीण

परसौना गांव में हादसे के बाद हाईवे पर लगी भीड़, घंटों बाधित रहा यातायात; पुलिस ने संभाला मोर्चा

सिंगरौली। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत परसौना गांव के पास शुक्रवार सुबह डीजल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद टैंकर से डीजल रिसने लगा, जिसे देखते ही आसपास के ग्रामीण डिब्बे, बाल्टी और अन्य बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए और डीजल भरने की होड़ मच गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई, जिससे बैढ़न-बरगवां मुख्य मार्ग पर लंबे समय तक यातायात प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे बैढ़न-बरगवां मार्ग से गुजर रहा टैंकर, जिसमें लगभग 35 हजार लीटर डीजल भरा था, अचानक असंतुलित होकर पलट गया। टैंकर से डीजल बहते देख बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और अपने-अपने बर्तनों में डीजल भरने लगे। भीड़ इतनी अधिक हो गई कि सड़क पर जाम लग गया और वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर घटनास्थल से हटाया और कड़ी मशक्कत के बाद यातायात सामान्य कराया। हालांकि तब तक टैंकर से काफी मात्रा में डीजल बह चुका था, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

कोतवाली थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा टैंकर पलटने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Author

Related Articles

Back to top button