DMF के ₹10.10 करोड़ से हवाई पट्टी निर्माण पर घमासान
आप नेता राजेश सोनी ने उठाए सवाल, आरटीआई लगाकर मांगा खर्च और उपयोग का पूरा ब्योरा

सिंगरौली। जिला खनिज प्रतिष्ठान (DMF) फंड के उपयोग को लेकर एक बार फिर सियासत तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव राजेश सोनी ने आरोप लगाया है कि खनन प्रभावित गरीब जनता, आदिवासियों और किसानों के विकास के लिए निर्धारित DMF राशि में से ₹10.10 करोड़ की राशि सिंगरौली हवाई पट्टी (एयरस्ट्रिप) के निर्माण एवं विस्तार में खर्च की गई है। उन्होंने इस मामले में पारदर्शिता की मांग करते हुए कलेक्टर कार्यालय की DMF शाखा में सूचना के अधिकार (RTI) के तहत आवेदन लगाया है।
राजेश सोनी ने जारी बयान में कहा कि सिंगरौली की जनता आज भी प्रदूषण, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, पेयजल और अन्य मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है। ऐसे में DMF जैसी महत्वपूर्ण राशि का उपयोग हवाई पट्टी के लिए किए जाने पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि हवाई पट्टी का वास्तविक लाभ आम नागरिकों को नहीं मिल रहा है, जबकि इसका उपयोग बड़े उद्योग समूहों और निजी विमानों के लिए अधिक हो रहा है। हालांकि इन आरोपों पर प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
आरटीआई में मांगी गई जानकारी
राजेश सोनी ने आरटीआई के माध्यम से प्रशासन से कई बिंदुओं पर जानकारी मांगी है। इनमें DMF राशि से हवाई पट्टी निर्माण की स्वीकृति का नियम एवं आधार, पिछले तीन वर्षों में यहां उतरे निजी विमानों का विवरण, लैंडिंग शुल्क से प्राप्त राजस्व, एयर टैक्सी सेवा का उपयोग करने वाले यात्रियों की संख्या तथा उससे जुड़ी सरकारी राशि की जानकारी शामिल है।
उन्होंने कहा कि सूचना प्राप्त होने के बाद पूरे मामले को जनता के सामने रखा जाएगा। साथ ही यदि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता सामने आती है तो न्यायालय और लोकायुक्त स्तर पर भी कार्रवाई की मांग की जाएगी।












