सड़क सुरक्षा और राजस्व संग्रह में उत्कृष्ट कार्य पर संगीता मरावी बनीं परिवहन निरीक्षक
तीन माह में प्रभावी कार्रवाई से बढ़ाया राजस्व, सड़क सुरक्षा अभियानों में निभाई अहम भूमिका

सिंगरौली। परिवहन विभाग में उत्कृष्ट कार्यशैली, प्रभावी नेतृत्व और उल्लेखनीय उपलब्धियों के आधार पर आरटीओ चेक पॉइंट सिंगरौली की प्रभारी संगीता मरावी को परिवहन उप निरीक्षक से पदोन्नत कर परिवहन निरीक्षक बनाया गया है। पदोन्नति के बाद भी उनकी कार्यकुशलता को देखते हुए परिवहन आयुक्त उमेश जोगा ने उन्हें सिंगरौली आरटीओ चेक पॉइंट पर ही पदस्थ रखा है।
बताया गया कि संगीता मरावी ने मात्र तीन माह के कार्यकाल में सड़क सुरक्षा और शासकीय राजस्व संग्रह के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर ‘सुरक्षित सफर-जनजागरूकता अभियान’ चलाया, जिसके तहत व्यावसायिक वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाने, यात्री बसों में डबल डोर, आपातकालीन खिड़की और व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलटीडी) जैसी अनिवार्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण कराया।
इसके अलावा बिना कर, बिना फिटनेस, ओवरलोडिंग, बिना वैध दस्तावेज और अन्य परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए राजस्व संग्रह में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की। विभाग के अनुसार उनके कार्यकाल में कर एवं शास्ति वसूली के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन देखने को मिला।
पदोन्नति के अवसर पर जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर ने उन्हें परिवहन निरीक्षक के स्टार लगाकर सम्मानित किया। इस दौरान विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में सिंगरौली में सड़क सुरक्षा, परिवहन अनुशासन और राजस्व संग्रह के क्षेत्र में आगे भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल होंगी।












