बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

सतना रेलवे स्टेशन पर प्रतीक्षालय में महिला ने दिया बच्चे को जन्म

एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंचने का आरोप, महिला यात्रियों ने संभाली जिम्मेदारी; स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

सतना। मध्यप्रदेश के सतना रेलवे स्टेशन पर शनिवार तड़के स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही का मामला सामने आया। प्रसव पीड़ा से तड़प रही एक गर्भवती महिला ने रेलवे स्टेशन के यात्री प्रतीक्षालय में ही नवजात शिशु को जन्म दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि समय पर एम्बुलेंस और चिकित्सकीय सहायता नहीं मिलने के कारण स्टेशन परिसर में ही प्रसव कराना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, महिला तड़के प्रतीक्षालय में अकेली थी और तेज प्रसव पीड़ा से कराह रही थी। वहां मौजूद महिला यात्रियों ने तत्काल जननी एक्सप्रेस और स्वास्थ्य सेवाओं से संपर्क कर मदद मांगी, लेकिन काफी देर तक एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल ले जाने के लिए पैसे भी मांगे गए।

करीब एक घंटे तक सहायता नहीं मिलने पर सुबह लगभग 4:22 बजे टिकट काउंटर के सामने महिला ने एक स्वस्थ नवजात को जन्म दिया। मौके पर मौजूद महिला यात्रियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सुरक्षित प्रसव कराया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रसूता का नाम खुशबू बताया जा रहा है। यह भी दावा किया गया कि उसका पति उसे स्टेशन पर छोड़कर कहीं चला गया था। हालांकि प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को अस्पताल ले जाया गया या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

घटना के बाद जननी एक्सप्रेस, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं और जिला अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Author

Related Articles

Back to top button