ब्लैकमेल कर 5 लाख रुपये की मांग करने वाला सिंगरौली का युवक गिरफ्तार
शक्तिनगर पुलिस की कार्रवाई, आरोपी पर पहले से भी आईटी एक्ट और ब्लैकमेलिंग के कई मामले दर्ज

सिंगरौली/सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले की शक्तिनगर पुलिस ने एक महिला को ब्लैकमेल कर उससे पांच लाख रुपये की मांग करने के आरोप में सिंगरौली निवासी युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी ब्लैकमेलिंग और आईटी एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक शाह (26) पुत्र चंद्रबली शाह, निवासी माजन खुर्द, थाना नवानगर, जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश) को दुद्धीचुआ एनसीएल स्टेडियम के पास मुख्य मार्ग से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ शक्तिनगर थाने में दर्ज प्रकरण में महिला को ब्लैकमेल कर पांच लाख रुपये की मांग करने का आरोप है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2025 में भी ब्लैकमेलिंग और आईटी एक्ट से संबंधित दो मुकदमे शक्तिनगर थाने में दर्ज हो चुके हैं। पुलिस ने आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय, उपनिरीक्षक रंजीत कुमार, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार भारती तथा कांस्टेबल अमृतलाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













