स्कूल के पास तालाब में दर्दनाक हादसा, चार भाई-बहनों की डूबने से मौत
नहाने गए छह बच्चों में चार की गई जान, दो को ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला

डूंगरपुर। राजस्थान के डूंगरपुर जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से चार भाई-बहनों की मौत हो गई। घटना धम्बोला थाना क्षेत्र के बड़ी गांव स्थित वात्रक तालाब की है, जहां छह बच्चे नहाने गए थे। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे स्कूल के पास स्थित तालाब में नहाने के दौरान सभी बच्चे गहरे पानी में चले गए। हादसे में बाबूसिंह डामोर की पुत्री हिना (24), पुत्र प्रतीक (20), पुत्री इशिता (15) तथा उनकी फुफेरी बहन रौनक (20) पुत्री गौतम भाई परमार निवासी पालनपुर की डूबने से मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने दो अन्य बच्चों राजवीर और जयसिंह को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों को उपचार के लिए सीमलवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धम्बोला थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।













