डिलीवरी के बहाने घर में घुसा युवक गिरफ्तार, महिला से अश्लील हरकत का आरोप
बाथरूम जाने की अनुमति लेने के बाद की अभद्रता, वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने की कार्रवाई

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक डिलीवरी एग्जीक्यूटिव द्वारा महिला के साथ कथित अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। मराठाहल्ली थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान 22 वर्षीय विजय मल्लिकार्जुन कामत के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शनिवार शाम एक अपार्टमेंट में ऑर्डर की डिलीवरी देने पहुंचा था। उसने महिला से बाथरूम इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी। आरोप है कि बाहर आने के बाद उसने महिला के सामने अश्लील इशारे किए और अभद्र व्यवहार किया।
घटना से घबराई महिला ने अपने मोबाइल से आरोपी का वीडियो बना लिया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए पीड़िता से संपर्क किया। शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वायरल वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। घटना के बाद शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।













