बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

धान रोपाई के लिए जा रही महिलाओं से भरा पिकअप पलटा, 18 घायल; दो की हालत गंभीर

 

बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में रविवार सुबह धान रोपाई के लिए खेतों की ओर जा रही महिलाओं से भरा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन में सवार 18 महिलाएं घायल हो गईं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, हादसा रामपायली थाना क्षेत्र के बटरमारा पुल के पास हुआ। ग्राम डोंगरमाली और बिटोली की महिलाएं रविवार सुबह पिकअप वाहन से नेवरगांव धान रोपाई के कार्य के लिए जा रही थीं। इसी दौरान वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे पलट गया।

घटना में घायल सभी महिलाओं को 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल सुनीता गजबिये और सविता लिल्हारे को बेहतर उपचार के लिए गोंदिया रेफर किया गया है, जबकि एक अन्य महिला का निजी अस्पताल में इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद महिलाएं खेत और सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ी थीं। सूचना मिलते ही रामपायली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button