बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

RTO लिखी बोलेरो से हो रही थी सागौन की तस्करी, चार आरोपी गिरफ्तार

सरकारी वाहन जैसा बनाकर ले जा रहे थे लकड़ी, वन विभाग ने 19 सागौन सिल्ली और दो वाहन किए जब्त

नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में वन विभाग ने सागौन तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आरटीओ लिखी बोलेरो से अवैध लकड़ी परिवहन का खुलासा किया है। रातापानी टाइगर रिजर्व के देलावाड़ी परिक्षेत्र में हुई कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 19 सागौन की सिल्ली तथा दो वाहनों को जब्त किया गया है।

वन विभाग के अनुसार, शुक्रवार रात अमड़ो क्षेत्र में छापेमारी के दौरान एक होंडा सिटी कार और एमपी-05 टी-2187 नंबर की बोलेरो पकड़ी गई। बोलेरो पर बड़े अक्षरों में ‘RTO’ लिखा था और उसमें हूटर भी लगा हुआ था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि वाहन को सरकारी गाड़ी का स्वरूप देकर जांच से बचने और अवैध सागौन परिवहन के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।

कार्रवाई के दौरान सुरेश, अर्पित यादव, नीलेश यादव और सोहेल शेख को गिरफ्तार किया गया। जब्त की गई सागौन की लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपियों के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।

इधर, नर्मदापुरम के आरटीओ प्रमोद कापसे ने कहा कि पकड़ी गई बोलेरो विभाग की अधिकृत वाहन नहीं है। मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और यदि वाहन का फर्जी तरीके से सरकारी पहचान का उपयोग किया गया है तो संबंधित पुलिस थाने को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा जाएगा। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Author

Related Articles

Back to top button