देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

बाढ़ पीड़ितों के लिए वराछा बैंक की विशेष योजना, 5 लाख तक मिलेगा आसान ऋण

9% ब्याज पर फ्लड लोन, कारोबारियों के लिए 10 लाख तक की बीमा सुविधा भी शुरू

सूरत। गुजरात के सूरत में हालिया बाढ़ से प्रभावित परिवारों और छोटे कारोबारियों को राहत देने के लिए द वराछा को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड ने विशेष ‘फ्लड लोन योजना’ शुरू की है। योजना के तहत बाढ़ प्रभावित नागरिकों और व्यापारियों को 9 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर अधिकतम 5 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही भविष्य में बाढ़ से होने वाले नुकसान से सुरक्षा के लिए विशेष बीमा योजना भी शुरू की गई है।

योजना का शुभारंभ गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के बाद प्रभावित लोगों को आर्थिक रूप से फिर से खड़ा करने में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वे तेजी से पूरा कराया है और राहत पैकेज की घोषणा भी जल्द की जाएगी।

बैंक के अनुसार, फ्लड लोन की अधिकतम पुनर्भुगतान अवधि 60 माह तय की गई है, जिससे लाभार्थियों पर आर्थिक बोझ कम रहेगा। ऋण प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए बैंक के प्रधान कार्यालय में विशेष हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है।

इसके अलावा, बैंक ने व्यापारियों के लिए विशेष जनरल इंश्योरेंस योजना भी शुरू की है। इसके तहत मात्र 1,000 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर 10 लाख रुपये तक के स्टॉक का बीमा कराया जा सकेगा। बैंक का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित परिवारों और छोटे उद्यमियों को आर्थिक संबल देकर उन्हें जल्द सामान्य स्थिति में लौटने में सहायता प्रदान करना है।

Author

Related Articles

Back to top button