देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

हॉस्टल में खाना खाने के बाद 40 छात्र बीमार, 5 की हालत गंभीर

फूड पॉइजनिंग की आशंका; 25 छात्र अस्पताल में भर्ती, लैब जांच के बाद होगी कार्रवाई

नंदुरबार। महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के शहादा स्थित समाज कल्याण विभाग के छात्रावास में भोजन करने के बाद करीब 40 छात्रों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। फूड पॉइजनिंग की आशंका के बीच 25 छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें पांच की हालत गंभीर होने पर आईसीयू में रखा गया है। घटना के बाद प्रशासन और परिजनों में हड़कंप मच गया।

जिलाधिकारी मिताली सेठी ने शहादा ग्रामीण अस्पताल पहुंचकर छात्रों का हाल जाना। उन्होंने बताया कि पीड़ित बच्चों में फूड पॉइजनिंग और गैस्ट्राइटिस के लक्षण पाए गए हैं। वर्तमान में 20 छात्रों का उपचार ग्रामीण अस्पताल में चल रहा है, जबकि ऑक्सीजन और रक्तचाप संबंधी समस्या के कारण पांच छात्रों को आईसीयू में भर्ती किया गया है। सभी छात्रों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

प्रशासन ने भोजन और छात्रों की उल्टी के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद बीमारी के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। साथ ही छात्रावास प्रबंधन, वार्डन और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने छात्रावासों की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करने तथा अभिभावकों के लिए अस्पताल में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।

Author

Related Articles

Back to top button