टावर हादसे में मृत मजदूर के परिजनों का मुआवजा अटका, भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
जिला पंचायत सदस्य संदीप शाह ने प्रशासन से किया हस्तक्षेप का आग्रह, पीड़ित परिवार ने न्याय की लगाई गुहार

सिंगरौली। ग्राम परसदेही निवासी स्वर्गीय जगदीश प्रसाद शाह की पावर ग्रिड कंपनी के निर्माणाधीन टावर में कार्य के दौरान हुई मौत के बाद मुआवजा भुगतान का मामला तूल पकड़ने लगा है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि समझौते के तहत कंपनी प्रबंधन द्वारा जारी किया गया चेक बैंक में आपत्ति दर्ज कराकर रुकवा दिया गया, जिससे परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है।मामले को लेकर जिला पंचायत सदस्य संदीप शाह ने पीड़ित परिवार के समर्थन में प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समझौते के तहत मुआवजा राशि स्वीकृत की गई थी तो उसका भुगतान बिना विलंब के परिजनों को कराया जाना चाहिए, ताकि परिवार को आर्थिक राहत मिल सके।
परिजनों का कहना है कि परिवार का मुख्य सहारा छिन जाने के बाद मुआवजा ही उनके लिए उम्मीद का एकमात्र आधार था, लेकिन भुगतान रुक जाने से उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं। उन्होंने जिला प्रशासन एवं सिंगरौली विधायक से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की है।जिला पंचायत सदस्य संदीप शाह ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र भुगतान बहाल नहीं कराया गया और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के साथ आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की जिम्मेदारी जिला प्रशासन और संबंधित पक्षों की होगी।












