बारिश ने खोली सड़क निर्माण की पोल, गड़ई की मुख्य सड़क बनी दलदल; हर कदम पर हादसे का खतरा

सिंगरौली। जिले के गड़ई गांव की मुख्य सड़क लगातार हो रही बारिश के बाद बदहाल हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें पानी भर जाने से यह मार्ग दलदल में तब्दील हो गया है। हालात ऐसे हैं कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है, जबकि दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह सड़क हादसों का कारण बन रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की दुर्दशा का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक यह सड़क गड़ई गांव को आसपास की बस्तियों से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। बरसात के दौरान सड़क पर जलभराव और कीचड़ के कारण गड्ढों की गहराई दिखाई नहीं देती, जिससे वाहन चालक अक्सर असंतुलित होकर गिर जाते हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन अब तक संबंधित विभाग ने मरम्मत की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया है।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रतिदिन इसी मार्ग से स्कूली बच्चे स्कूल आने-जाने को मजबूर हैं। फिसलन और कीचड़ के बीच सफर करना उनके लिए जोखिम भरा साबित हो रहा है। वहीं गंभीर रूप से बीमार मरीजों और बुजुर्गों को अस्पताल तक पहुंचाने में भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की जर्जर स्थिति की शिकायत कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन से की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। उन्होंने मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कर गड्ढों को भरा जाए तथा स्थायी जल निकासी की व्यवस्था की जाए, ताकि बरसात में लोगों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही सड़क की मरम्मत शुरू नहीं कराई गई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को विवश होंगे। उनका कहना है कि सड़क की बदहाली के कारण यदि कोई बड़ा हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।












