बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

रेलवे ट्रैक और कैटेनरी वायर चोरी पर कसा शिकंजा, एनसीएल दूधीचुआ में पुलिस-प्रबंधन का संयुक्त सुरक्षा अभियान

संवेदनशील क्षेत्रों का पैदल निरीक्षण, रात्रि गश्त बढ़ाने और सूचना तंत्र मजबूत करने के निर्देश

सिंगरौली। एनसीएल की दूधीचुआ परियोजना में रेलवे ट्रैक, कैटेनरी (ओएचई) वायर, विद्युत मोटरों एवं अन्य महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों की बढ़ती चोरी और चोरी के प्रयासों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस एवं एनसीएल सुरक्षा विभाग ने संयुक्त सुरक्षा अभियान चलाया। अधिकारियों ने परियोजना के संवेदनशील क्षेत्रों का पैदल निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।

संयुक्त निरीक्षण का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी (सीओ) पिपरी हर्ष पांडेय एवं थाना प्रभारी शक्तिनगर एस.के. राय ने किया। इस दौरान अधिकारियों ने दूधीचुआ परियोजना की रेलवे साइडिंग, रेलवे ट्रैक, कैटेनरी वायर, विद्युत मोटरों, सिग्नलिंग उपकरणों एवं अन्य महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण में एनसीएल दूधीचुआ क्षेत्र के महाप्रबंधक विनोद कुमार सिंह, एनसीएल मुख्यालय के महाप्रबंधक (सुरक्षा) पी.के. त्रिपाठी, प्रबंधक (सुरक्षा) संदीप शाह, नोडल अधिकारी (सुरक्षा) एस.पी. श्रीवास्तव सहित पुलिस एवं सुरक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने चोरी की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां नियमित संयुक्त गश्त बढ़ाने, रात्रिकालीन निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतत नजर रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्थानीय पुलिस, एनसीएल सुरक्षा विभाग और रेलवे अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

सीओ हर्ष पांडेय ने कहा कि रेलवे और एनसीएल की राष्ट्रीय महत्व की परिसंपत्तियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। चोरी, तोड़फोड़ या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में शामिल असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं थाना प्रभारी एस.के. राय ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त को और मजबूत किया जाएगा तथा चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।


महाप्रबंधक विनोद कुमार सिंह ने कहा कि परियोजना की सुरक्षा एनसीएल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। पुलिस और सुरक्षा विभाग के समन्वित प्रयासों से रेलवे ट्रैक, विद्युत उपकरणों और अन्य महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।

संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्णय लिया कि भविष्य में भी नियमित संयुक्त निरीक्षण, विशेष गश्त और सूचना तंत्र को और मजबूत किया जाएगा, ताकि चोरी और तोड़फोड़ जैसी घटनाओं को समय रहते रोका जा सके। अधिकारियों ने इसे राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि ऐसे अभियान असामाजिक तत्वों के लिए स्पष्ट चेतावनी हैं।

Author

Related Articles

Back to top button