ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

स्टाम्प वेंडरों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, अनियमितता मिलने पर चार लाइसेंस निलंबित

जांच में नियमों के उल्लंघन और अभिलेखों में मिली खामियां, पंजीयन विभाग ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

सिंगरौली। जिले में स्टाम्प विक्रय व्यवस्था में अनियमितताओं पर पंजीयन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार स्टाम्प वेंडरों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। विभागीय जांच में कार्य में लापरवाही, अभिलेखों के संधारण में गंभीर खामियां तथा पंजीयन प्रक्रिया के निर्धारित नियमों का पालन नहीं किए जाने की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार स्टाम्प बिक्री और पंजीयन कार्य में गड़बड़ियों की शिकायतें लगातार विभाग को प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों के आधार पर जिला पंजीयक के निर्देश पर संबंधित स्टाम्प वेंडरों के अभिलेखों एवं कार्यप्रणाली की जांच कराई गई। जांच के दौरान कई मामलों में नियमों का उल्लंघन सामने आने पर संबंधित वेंडरों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किए जाने तथा जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद चार स्टाम्प वेंडरों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्टाम्प विक्रय व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पंजीयन विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि जिले के सभी लाइसेंसधारी स्टाम्प वेंडरों की नियमित निगरानी और औचक जांच आगे भी जारी रहेगी। भविष्य में यदि किसी भी वेंडर के विरुद्ध नियमों के उल्लंघन या अनियमितता की शिकायत सही पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई की जाएगी।

इधर विभाग बकाया राजस्व की वसूली को लेकर भी विशेष अभियान चला रहा है। अधिकारियों के मुताबिक बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर नोटिस जारी किए जा रहे हैं और निर्धारित समय-सीमा में बकाया जमा नहीं करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पंजीयन विभाग का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य स्टाम्प विक्रय एवं पंजीयन व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना है, ताकि आम नागरिकों को सुगम एवं विश्वसनीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Author

Related Articles

Back to top button