बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

थाना प्रभारी का पद खाली, जियावन में कानून व्यवस्था पर उठने लगे सवाल

अवैध शराब, गांजा और रेत कारोबार पर कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी, स्थायी प्रभारी की नियुक्ति की मांग तेज

सिंगरौली। जिले के जियावन थाना क्षेत्र में लंबे समय से थाना प्रभारी का पद रिक्त होने से पुलिस व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वर्तमान में थाना का संचालन उप निरीक्षक के नेतृत्व में किया जा रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि स्थायी थाना प्रभारी नहीं होने के कारण कानून व्यवस्था पर अपेक्षित नियंत्रण नहीं बन पा रहा है, जिसका फायदा उठाकर अवैध शराब, गांजा और रेत के कारोबार से जुड़े लोगों की गतिविधियां बढ़ती नजर आ रही हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि थाना क्षेत्र के कई गांवों और बाजारों में अवैध शराब का कारोबार लगातार जारी है। गांव-गांव पैकारी के माध्यम से शराब की आपूर्ति की जा रही है, जिससे युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं।

क्षेत्र में गांजा की तस्करी और बिक्री को लेकर भी लोगों ने चिंता जताई है। ग्रामीणों के अनुसार बाहरी क्षेत्रों से मादक पदार्थ लाकर स्थानीय स्तर पर उसकी बिक्री की जा रही है। उनका कहना है कि समय रहते इस पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो अपराध का ग्राफ बढ़ सकता है और सामाजिक माहौल भी प्रभावित होगा।

वहीं सोन नदी और आसपास के इलाकों में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात के समय ट्रैक्टरों एवं अन्य वाहनों के माध्यम से रेत का परिवहन किया जाता है। इससे शासन को राजस्व की क्षति होने के साथ-साथ पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि उप निरीक्षक पर कानून व्यवस्था के साथ-साथ प्रशासनिक जिम्मेदारियों का अतिरिक्त बोझ होने से पूरे थाना क्षेत्र की प्रभावी निगरानी संभव नहीं हो पा रही है। उनका मानना है कि यदि जियावन थाना में नियमित थाना प्रभारी की पदस्थापना कर दी जाए तो पुलिस व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी और अपराधों पर बेहतर नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।
कुछ स्थानीय लोगों ने अवैध कारोबारियों को संरक्षण मिलने के आरोप भी लगाए हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस अथवा संबंधित अधिकारियों का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका था।

इधर सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से जियावन थाना में शीघ्र नियमित थाना प्रभारी की नियुक्ति करने तथा अवैध शराब, गांजा और रेत के कारोबार के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि मजबूत पुलिस नेतृत्व से ही क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ होगी और आमजन का विश्वास पुलिस पर और मजबूत होगा।

Author

Related Articles

Back to top button