जन्मदिन पर केक नहीं, पौधा लगा दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश; “एक पेड़ श्याम के नाम” अभियान का दूसरा चरण संपन्न

सिंगरौली। पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में श्री श्याम प्रेमी मंडल, वैढ़न द्वारा संचालित “एक पेड़ श्याम के नाम” अभियान के दूसरे चरण का आयोजन वंडर पब्लिक स्कूल परिसर में उत्साह और सामाजिक सहभागिता के साथ संपन्न हुआ। अभियान के तहत पौधारोपण कर लोगों को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया तथा हर शुभ अवसर पर एक पौधा लगाने का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम की सबसे विशेष बात यह रही कि सीए रौनक भारूका ने अपना जन्मदिन परंपरागत तरीके से केक काटकर नहीं, बल्कि अपने पिता अमरदीप भारूका, बहन डॉ. स्तुति भारूका एवं परिवार के साथ पौधारोपण कर मनाया। इस पहल ने उपस्थित लोगों को यह प्रेरणा दी कि जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य पारिवारिक आयोजनों को भी पर्यावरण संरक्षण से जोड़कर समाज के लिए सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया जा सकता है।
अभियान को सफल बनाने में वंडर पब्लिक स्कूल के मनीष चौरसिया का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। विद्यालय परिसर में पौधारोपण की समुचित व्यवस्था कराई गई। साथ ही विद्यालय प्रबंधन ने लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा एवं देखभाल की जिम्मेदारी लेने का संकल्प भी व्यक्त किया। विद्यार्थियों को भी अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में सोमेश बंसल ने पौधों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निभाकर अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। श्री श्याम प्रेमी मंडल ने उनके सहयोग के लिए विशेष आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मंडल के सदस्यों ने संकल्प लिया कि “एक पेड़ श्याम के नाम” अभियान को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा और लगाए गए प्रत्येक पौधे की देखभाल कर उसे एक विशाल वृक्ष बनाया जाएगा।

कार्यक्रम में मंडल के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, उपाध्यक्ष अमरदीप भारूका सहित सुरेंद्र लोहिया, बालमुकुंद गुप्ता, पवन सिंह, श्रीनिवास जी, नीरज करिवाल, छेदी सर्राफ, सोमेश बंसल, सौरभ अग्रवाल, शिवेंद्र पांडे, अमित राज, अनुराग भरतिया, रमेश अग्रवाल, रौनक भारूका, डॉ. स्तुति भारूका, रितिक चौरसिया, कृष्णा भारूका, अमन गुप्ता, दीपक कटारे, मोहित केशरी, आशुतोष नामदेव सहित वंडर पब्लिक स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, मंडल के सदस्य एवं बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
अंत में श्री श्याम प्रेमी मंडल ने नगरवासियों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन के प्रत्येक शुभ अवसर पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण का संकल्प लें। मंडल का मानना है कि प्रकृति की सेवा ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।












