बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

जबलपुर से कोलकाता के लिए जल्द शुरू होगी सीधी उड़ान, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

एलायंस एयर का एटीआर-72 विमान सप्ताह में तीन दिन भरेगा उड़ान, व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर से कोलकाता के बीच जल्द ही सीधी हवाई सेवा शुरू होने जा रही है। जबलपुर सांसद आशीष दुबे के लगातार प्रयासों के बाद एलायंस एयर ने इस नए हवाई मार्ग पर उड़ान संचालन की तैयारी पूरी कर ली है। संभावना है कि यह सेवा जुलाई के अंत या अगस्त के शुरुआती दिनों में शुरू हो जाएगी।

सांसद आशीष दुबे ने बताया कि लंबे समय से जबलपुर और कोलकाता के बीच सीधी उड़ान शुरू कराने के लिए प्रयास किए जा रहे थे। इसी का परिणाम है कि एलायंस एयर ने इस रूट पर सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है।

सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी उड़ान

प्रस्तावित शेड्यूल के अनुसार एलायंस एयर का एटीआर-72 विमान मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को उड़ान भरेगा। विमान सुबह 7:05 बजे कोलकाता से रवाना होकर 9:35 बजे जबलपुर पहुंचेगा। इसके बाद सुबह 10:00 बजे जबलपुर से उड़ान भरकर दोपहर 12:35 बजे कोलकाता पहुंचेगा।

अभी तक जबलपुर से कोलकाता के लिए कोई सीधी उड़ान उपलब्ध नहीं थी। यात्रियों को स्टॉपओवर फ्लाइट के माध्यम से कोलकाता पहुंचना पड़ता था, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ जाते थे। नई सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।

व्यापार और उद्योगों को मिलेगा लाभ

कोलकाता पूर्वी भारत का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। जबलपुर के बांग्लाभाषी समुदाय, उद्योगपति, व्यापारी, छात्र और अन्य यात्रियों द्वारा लंबे समय से सीधी उड़ान की मांग की जा रही थी। इस हवाई सेवा से जबलपुर के संगमरमर उद्योग, कृषि उत्पाद और एमएसएमई सेक्टर को पूर्वी भारत के बाजारों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।

डुमना एयरपोर्ट पर तैयारियां पूरी

डुमना एयरपोर्ट प्रबंधन ने नई उड़ान के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुबह के समय उड़ान होने से यात्रियों को कोलकाता पहुंचकर पूरे दिन अपने काम निपटाने में सुविधा होगी। एलायंस एयर की बुकिंग जल्द ही प्रमुख ऑनलाइन पोर्टल और एयरलाइन की वेबसाइट पर शुरू होने की संभावना है।

Author

Related Articles

Back to top button