बिलासपुर बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा गार्ड की हत्या से सनसनी, 4 नाबालिग बंदी फरार

बिलासपुर (छत्तीसगढ़)। शहर के नूतन चौक स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में तैनात सुरक्षा गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने हड़कंप मचा दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस घटना को हत्या से जोड़कर देख रही है। घटना के बाद बाल संप्रेक्षण गृह में बंद चार नाबालिग बंदियों के फरार होने की जानकारी सामने आई है।
सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में तखतपुर थाना क्षेत्र निवासी नरेंद्र कुमार खाण्डे (42) सहायक सह रात्रि चौकीदार के पद पर तैनात थे। रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात उनकी संदिग्ध हालत में मौत हो गई।परिजनों ने आरोप लगाया है कि नरेंद्र कुमार के हाथ-पैर गमछे से बांध दिए गए थे। इसके बाद उनके साथ मारपीट कर गला दबाकर हत्या की गई। परिजनों का यह भी कहना है कि उनके मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। उन्होंने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
चार नाबालिग बंदियों पर जताई जा रही आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना को बाल संप्रेक्षण गृह में रह रहे चार नाबालिग बंदियों द्वारा अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। बताया गया है कि इनमें तीन नाबालिग रायगढ़ जिले और एक कोरबा जिले का निवासी है। ये सभी गंभीर अपराधों के मामलों में बाल संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध थे।
घटना के बाद चारों नाबालिग बंदी फरार हो गए। पुलिस ने उनकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है।
कलेक्टर और एसएसपी पहुंचे मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए, वहीं डॉग स्क्वायड की मदद से भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फरार नाबालिग बंदियों की तलाश जारी है और मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है।













