देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

इंडोनेशिया में भीषण सड़क हादसा: शादी से लौट रहे मेहमानों की पिकअप दो ट्रकों के बीच पिसी, 13 की मौत

यू-टर्न के दौरान पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर, सामने से आए दूसरे ट्रक से हुई सीधी भिड़ंत; 5 घायल

 

जकार्ता। इंडोनेशिया के जावा द्वीप पर शादी समारोह से लौट रहे लोगों से भरी एक पिकअप वाहन भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। दो ट्रकों के बीच फंसने से हुए इस दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसा रविवार दोपहर इंद्रामायु रीजेंसी के कियाजारन कुलोन गांव के पास उत्तरी तटीय हाईवे पर हुआ।

पुलिस के अनुसार, सभी लोग पड़ोसी परेआन गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर खुले पिकअप वाहन से अपने घर लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाईवे पर यू-टर्न लेने के लिए चालक ने डिवाइडर के कट के पास वाहन की गति धीमी कर उसे रोक दिया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक विंग बॉक्स ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।

पहली टक्कर के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क की दूसरी लेन में पहुंच गई, जहां सामने से आ रहे दूसरे ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। दोहरी टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार कई यात्री उछलकर हाईवे पर जा गिरे।

स्थानीय यातायात पुलिस प्रमुख उंदांग स्यारिफ हिदायत ने बताया कि हादसे में 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button