विंध्यनगर पुल से तेलगवां बाजार तक जर्जर सड़क की मरम्मत की उठी मांग, पार्षद ने एनटीपीसी प्रबंधन को लिखा पत्र

सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक-36 (लाल बहादुर शास्त्री वार्ड) के पार्षद प्रेम सागर मिश्रा ने विंध्यनगर पुल से तेलगवां बाजार तक की जर्जर सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग को लेकर एनटीपीसी विंध्याचल प्रबंधन को पत्र लिखा है।
पार्षद ने मानव संसाधन महाप्रबंधक, एनटीपीसी विंध्याचल को संबोधित पत्र में बताया कि विंध्यनगर पुल से तेलगवां बाजार तक की मुख्य सड़क पर कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बरसात के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी हुई है।
पत्र में कहा गया है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। जनसुरक्षा को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर गड्ढों की भराई (फिलिंग) एवं आवश्यक सड़क निर्माण कार्य शीघ्र कराया जाना अत्यंत आवश्यक है।
पार्षद प्रेम सागर मिश्रा ने एनटीपीसी प्रबंधन से अनुरोध किया है कि विंध्यनगर पुल से तेलगवां बाजार तक की सड़क का गड्ढा भराई एवं मरम्मत कार्य अविलंब शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
इस पत्र की प्रति कलेक्टर सिंगरौली को भी आवश्यक कार्रवाई एवं जानकारी के लिए प्रेषित की गई है। क्षेत्रवासियों ने भी सड़क की शीघ्र मरम्मत कराए जाने की मांग दोहराते हुए प्रशासन और संबंधित विभाग से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।













