हादसों को दावत दे रही अमिलवान–कथुरा मार्ग की जर्जर पुलिया
रोज फंस रहे वाहन, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा; कलेक्टर और सीईओ जनपद से तत्काल मरम्मत की मांग

सिंगरौली। जिले की ग्राम पंचायत अमिलवान अंतर्गत अमिलवान–कथुरा मार्ग पर स्थित पुलिया इन दिनों गंभीर बदहाली का शिकार है। पुलिया पर बने गहरे गड्ढों के कारण हर दिन वाहन फंस रहे हैं और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह मार्ग कथुरा, चितरबई, चूरी अमरा सहित कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिस पर दिनभर दोपहिया, चारपहिया और अन्य वाहनों का आवागमन रहता है। पुलिया की जर्जर स्थिति के कारण राहगीरों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या की जानकारी कई बार ग्राम पंचायत के सरपंच राममिलन खैरवार एवं सचिव अजीत उपाध्याय को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे लोगों में पंचायत प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि आए दिन वाहन गहरे गड्ढों में फंसकर क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और कई लोग दुर्घटना का शिकार भी हो चुके हैं। उनका कहना है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में किसी बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता।
पंचायत स्तर पर समाधान नहीं मिलने से ग्रामीणों ने अब जिला कलेक्टर और मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जनपद पंचायत से तत्काल हस्तक्षेप कर पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस समस्या का शीघ्र समाधान आवश्यक है।













