पार्षद ने किया नाली निर्माण कार्य का भूमि पूजन

सिंगरौली, नगर पालिक निगम सिंगरौली के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 38 तुलसी ढोटी में आज सोमवार को स्थानीय निवासियों की एक बेहद पुरानी और प्रमुख मांग पूरी हो गई है। क्षेत्र में 12.36 लाख रुपए की लागत से होने वाले नाली निर्माण कार्य का विधि-विधान से भूमि पूजन संपन्न हुआ। यह महत्वपूर्ण निर्माण कार्य पप्पू शाह के घर से लेकर बाबूराम साकेत के घर तक किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को जलभराव और गंदगी की समस्या से हमेशा के लिए मुक्ति मिलेगी। इस बहुप्रतीक्षित कार्य की शुरुआत होने से स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह और खुशी का माहौल है।
इस गरिमामयी अवसर पर वार्ड क्रमांक 38 तुलसी के पार्षद एवं नगर पालिक निगम सिंगरौली के अपीलीय समिति सदस्य अनिल कुमार वैश्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने भूमि पूजन कर विकास कार्य की आधारशिला रखी। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बिट्टू सिंह , राजाराम सोनी , संजय नाई , रामरतन साह और मोती लाल शाह जी सहित वार्ड की सम्मानित जनता जनार्दन भारी संख्या में मौजूद रही। पार्षद अनिल कुमार वैश्य ने इस मौके पर कहा कि वार्ड का विकास और जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा, जिसके लिए समस्त वार्डवासियों ने पार्षद एवं निगम प्रशासन का आभार व्यक्त किया।













