सुरक्षा पहले, काम बाद में: जेपीवीएल निगरी प्लांट में सुरक्षा सप्ताह का समापन, 33 विजेता हुए सम्मानित

सिंगरौली। जेपीवीएल निगरी प्लांट में 6 से 11 जुलाई 2026 तक आयोजित सिंगरौली सुरक्षा सप्ताह का शनिवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि एवं सीओपी श्री एम.वी.आर. रेड्डी ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता 33 प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में श्री रेड्डी ने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी को कार्य शुरू करने से पहले सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर संभावित जोखिमों (हैजर्ड) की पहचान कर उनके शमन (मिटिगेशन) की योजना के अनुसार कार्य करें तथा एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा केवल एक विभाग की नहीं, बल्कि लाइन वर्कर, सुपरवाइजर, इंजीनियर और प्रबंधक सहित सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सहायक महाप्रबंधक (संरक्षा) अरुण कुमार उपाध्याय ने बताया कि सुरक्षा सप्ताह के दौरान कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से फायर ड्रिल, सेफ्टी पोस्टर, सेफ्टी स्लोगन, “नो योर पीपीई”, अंतर-विभागीय हाउसकीपिंग तथा ऑन-द-स्पॉट आईएमएस एवं सेफ्टी क्विज जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में कुल 429 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं 8 जुलाई को आयोजित ऑन-द-स्पॉट आईएमएस एवं सेफ्टी क्विज में 75 प्रतिभागियों को कार्यस्थल पर ही पुरस्कृत किया गया।
समापन समारोह में डॉ. एस.एन. दूबे, ए.के. श्रीवास्तव, डी.के. सिंह, नवीन तिनगुरिया, बी.के. झा, ए.के. सिंह, विक्रम सिंह गहरवार, एम. मुरलीकृष्ण, निखिल तिवारी सहित जेपीवीएल के वरिष्ठ अधिकारी, संविदाकारों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।













