बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कलेक्टर के अध्यक्षता में समय सीमा की बैठक आयोजित

सार्वजनिक वितरण प्रणाली की नियमित होगी मैदानी जांच

सिंगरौली,/ कलेक्टर  गौरव बैनल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं नगर निगम आयुक्त को निर्देशित किया कि एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत सप्ताह में दो दिवस निर्धारित कर लक्ष्य के अनुरूप व्यापक पौधरोपण कराया जाए। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों की सुरक्षा के लिए आवश्यक फेंसिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा अभियान में जनभागीदारी को प्राथमिकता दी जाए, ताकि अधिकाधिक नागरिक पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जुड़ सकें।

कलेक्टर ने नगर निगम क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यशाला में नगर के सभी बल्क वेस्ट जनरेटर, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम औद्योगिक इकाइयों की अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा उनका निर्धारित पोर्टल पर पंजीयन भी पूर्ण कराया जाए।बैठक में सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पटवारी दिवस के दौरान प्रत्येक पटवारी अपने हल्के की उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण कर सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन वितरण की गुणवत्ता एवं नियमितता की जांच करें तथा यह सुनिश्चित करें कि पात्र हितग्राहियों को समय पर निर्धारित मात्रा में राशन प्राप्त हो रहा है। इस संबंध में प्रतिवेदन भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को खाद एवं बीज की उपलब्धता पर सतत निगरानी रखने तथा नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद एवं बीज के नमूनों की समय-समय पर जांच कराई जाए तथा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित विक्रेता का लाइसेंस निरस्त करने के साथ-साथ आवश्यकतानुसार एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।

जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिन विद्यार्थियों की अभी तक अपार आईडी नहीं बनी है, उनकी आईडी एक सप्ताह के भीतर तैयार कराई जाए। उन्होंने पंचायत स्तर पर समन्वय स्थापित कर विशेष शिविरों के माध्यम से अपार आईडी निर्माण कार्य पूर्ण करने तथा पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।सामाजिक न्याय विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने दिव्यांगजनों द्वारा स्वरोजगार हेतु प्रस्तुत आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें आरसेटी के माध्यम से आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा स्वरोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने बरगवां स्थित दिव्यांग विद्यालय को पुनः संचालित किए जाने हेतु आवश्यक एजेंसी प्रस्तावित करने के भी निर्देश दिए।पशुपालन एवं डेयरी विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कृत्रिम गर्भाधान के निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति के लिए नवीन मैत्रियों का चयन कर उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि विभागीय नस्तियों का संचालन एवं प्रेषण अधिकतम रूप से ई-ऑफिस के माध्यम से किया जाए।

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित शिकायतों का निराकरण एल-1 स्तर पर ही गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से 50 दिवस एवं 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निराकरण कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।बैठक में अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर श्री संजीव पाण्डेय, श्री प्रशांत त्रिपाठी एवं श्री अमित सिंह बम्हरौलिया, एसडीएम सिंगरौली श्री सुरेश जाधव, एसडीएम माड़ा श्री नंदन तिवारी, एसडीएम चितरंगी श्री देवेन्द्र द्विवेदी, अधीक्षण अभियंता विद्युत श्री अजीत सिंह बघेल, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती कविता त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह, डीपीसी श्री आर.एल. शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button