ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

शक्ति केंद्रों तथा बूथों के सुदृढ़ीकरण पर केंद्रित रही भाजपा की मासिक कामकाजी एवं योजना बैठक

संभागीय संगठन प्रभारी विजय दुबे ने कार्यकर्ताओं को बताये संगठन के महत्वपूर्ण सूत्र

सिंगरौली- भारतीय जनता पार्टी की अनिवार्य मासिक जिलास्तरीय बैठक जिला कार्यालय के सभागार में सम्पन्न हुई। यह महत्वपूर्ण बैठक संभागीय संगठन प्रभारी विजय दुबे के नेतृत्व तथा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक मे विशिष्ट अतिथियों की आंसदी पर जिला संगठन प्रभारी विनोद यादव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गिरीश द्विवेदी, प्रेमवती खैरवार, विधायक सिंगरौली रामनिवास शाह, विधायक देवसर राजेंद्र मेश्राम, सीडा अध्यक्ष वीरेंद्र गोयल, निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय, सीधी संगठन प्रभारी नरेन्द्र त्रिपाठी मंचासीन रहे।

बैठक का औपचारिक शुभारंभ भारत माता एवं पितृ पुरुषों के छायाचित्र पर माल्यार्पण से हुआ तथा स्वागत उद्बोधन जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने दिया। अपने उद्बोधन में जिलाध्यक्ष ने अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं के अभिवादन के साथ बैठक की रूपरेखा पर संक्षिप्त उद्बोधन दिया तथा बैठक के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

बैठक मे विगत एक माह के सम्पन्न हुए सांगठनिक कार्यक्रमों के समीक्षात्मक विवरण प्रस्तुत किये गये जिसमे मन की बात एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी जन्म जयंती पखवाड़ा कार्यक्रम की प्रभारी एवं जिला उपाध्यक्ष पूनम गुप्ता ने बूज वार हुए कार्यक्रमों का वृत्त प्रस्तुत किया तथा डिजिटल लर्निंग प्लेटफार्म के प्रभारी विक्रम सिंह चंदेल ने मंडलवार अपना वृत्त प्रस्तुत किया। आपातकाल का काला अध्याय कार्यक्रम के प्रभारी योगेन्द्र द्विवेदी जी ने अपना वृत संगठन के सामने रखा।

जिला संगठन प्रभारी विनोद यादव जी ने विगत तीन मास के कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की तथा बूथ स्तर के कार्यक्रमों को और भी सजगता और गुणवत्ता के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष एवं‌ प्रभारी, मंडलों के पदाधिकारी  मंडलों के सांगठनिक ढांचों को सुदृढ़ और क्रियाशील बनायें। उन्होंने कहा कि मंडलों के सुदृढ़ीकरण के बाद ही‌ बूथों का सुदृढ़ीकरण संभव है इसलिए हर एक मंडलीय पदाधिकारी शक्ति केंद्रों तथा बूथों के सशक्तिकरण की जिम्मेदारी ले और बूथ इकाइयों को सुदृढ़ करे ।

संभागीय संगठन प्रभारी विजय दुबे जी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह बैठक कोई संख्यात्मक बैठक नहीं है इस बैठक मे वही लोग अपेक्षित हैं जिनको संगठन के संचालन की प्रत्यक्ष भूमिका सौंपी गई है। संभागीय प्रभारी जी ने जिला संगठन, मंडल संगठन के बाद शक्ति केंद्रों तथा बूथों के सांगठनिक ढांचे पर जोर देने की बात कही। उन्होंने कहा कि हमारी मासिक बैठकों मे जिला, मंडल के बाद शक्ति केंद्रों की बैठकें भी नियमित हों और उन बैठकों में ही बूथों की संरचना पर मंथन हो और उसका क्रियान्वयन हो तभी हमारा बूथ का तंत्र मजबूत होगा। संभागीय प्रभारी ने कहा कि बूथों की समितियां ही हमारे संगठन की मूल इकाई है क्योंकि बूथ मजबूत तो संगठन मजबूत यही आज के भाजपा की मूल अवधारणा है। संभागीय प्रभारी ने बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को डिजिटल लर्निंग प्लेटफार्म पर जोड़ने के प्रयास पर जोर दिया उन्होंने बताया कि डिजिटल लर्निंग के माध्यम से हर एक कार्यकर्ता भारतीय जनता पार्टी के सिद्धांत और संस्कृति से लबरेज होगा तथा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम डिजिटल लर्निंग प्लेटफार्म ही है। संभागीय प्रभारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी बनाने के लिए हमें प्रशिक्षित और समर्पित कार्यकर्ताओं को ही महत्वपूर्ण भूमिका देनी होगी  तभी संगठन की सार्वभौमिक स्वीकार्यता बढे़गी।

बैठक का मंचीय संचालन जिला महामंत्री योगेन्द्र योगेन्द्र द्विवेदी ने किया तथा आभार जिला महामंत्री विक्रम सिंह चंदेल ने प्रकट किया। बैठक में मुख्य रूप से समस्त जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मोर्चा जिलाध्यक्ष समेत अपेक्षित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button