युवा संगम रोजगार मेले में 94 युवाओं का प्रारंभिक चयन, 47 को मिले ऑफर लेटर
आईटीआई पचैर में आयोजित मेले में 9 कंपनियों ने की भर्ती, 69 अभ्यर्थियों को मिला करियर मार्गदर्शन

सिंगरौली, । जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकासखंड स्तरीय “युवा संगम-रोजगार, स्वरोजगार एवं प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला” का आयोजन शासकीय आईटीआई पचैर में किया गया। जिला प्रशासन के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे के मार्गदर्शन में आयोजित इस रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर रोजगार के लिए आवेदन किए।
जिला रोजगार कार्यालय, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग तथा शासकीय आईटीआई सिंगरौली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मेले में 9 निजी कंपनियों एवं संस्थाओं ने भाग लिया। चयन प्रक्रिया के दौरान 94 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया, जिनमें 3 महिला अभ्यर्थी भी शामिल रहीं। वहीं 47 अभ्यर्थियों को रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के ऑफर लेटर प्रदान किए गए।
रोजगार मेले में 69 अभ्यर्थियों की करियर काउंसिलिंग भी की गई, जिसमें उन्हें रोजगार, कौशल विकास, अप्रेंटिसशिप एवं भविष्य के करियर विकल्पों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने युवाओं को अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने और कौशल विकास कार्यक्रमों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर शासकीय आईटीआई सिंगरौली के प्राचार्य एवं प्रभारी जिला रोजगार अधिकारी ऋषभ सिंह, प्रशिक्षण अधिकारी ओम प्रकाश वैश्य, सत्यम विश्वकर्मा, रोजगार कार्यालय से सुदामा प्रसाद, कृष्णचंद्र, संजीव सिंह, उद्योग विभाग से अनंत लक्ष्मण बाकडे, स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि, विभिन्न कंपनियों के अधिकारी, छात्र-छात्राएं, अभ्यर्थी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।













