भारत समेत 17 देशों पर अमेरिका का 10% टैरिफ लागू
ट्रंप सरकार का फैसला, जबरन मजदूरी से बने सामानों के आयात पर रोक का हवाला

वाशिंगटन/नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने भारत समेत 17 देशों से आयात होने वाले सामानों पर 10 प्रतिशत टैरिफ लगाने का फैसला किया है। नई टैरिफ व्यवस्था शुक्रवार से लागू हो गई है। अमेरिका ने इसे जबरन मजदूरी से तैयार किए गए सामानों के व्यापार पर रोक लगाने और निष्पक्ष व्यापार व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में उठाया गया कदम बताया है।
अमेरिकी प्रशासन की ओर से जारी मेमोरेंडम में कहा गया है कि यह नीति मानवाधिकारों की रक्षा और वैश्विक व्यापार में पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से लागू की गई है। इससे पहले भारत पर 12.5 प्रतिशत टैरिफ लगाने का प्रस्ताव था, लेकिन भारत की संशोधित विदेश व्यापार नीति में जबरन मजदूरी से बने सामानों के आयात पर रोक के प्रावधान को देखते हुए इसे घटाकर 10 प्रतिशत कर दिया गया।
अमेरिकी ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव जेमिसन ग्रीर ने ट्रेड एक्ट-1974 की धारा 301 के तहत कुल 60 देशों पर नए टैरिफ लागू करने की घोषणा की है। इनमें 17 देशों पर 10 प्रतिशत और 43 देशों पर 12.5 प्रतिशत शुल्क लगाया जाएगा।
अमेरिका ने स्पष्ट किया है कि सभी वस्तुओं पर यह टैरिफ समान रूप से लागू नहीं होगा। ऐसे कच्चे माल और उत्पाद, जिनकी अमेरिका में उपलब्धता सीमित है या जिनसे घरेलू अर्थव्यवस्था प्रभावित हो सकती है, उन्हें छूट दी जाएगी।













