समूह की महिलाओं को अधिक से अधिक आजीविका गतिविधियों से जोड़ें : जगदीश पुरोहित
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की गतिविधियों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

सिंगरौली,- मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, राज्य कार्यालय भोपाल से पधारे सहायक राज्य परियोजना प्रबंधक (वित्त) श्री जगदीश पुरोहित ने जिला सिंगरौली में संचालित मिशन की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन करते हुए क्षेत्रीय भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मिशन की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा स्व-सहायता समूह की महिलाओं को अधिक से अधिक आजीविका गतिविधियों से जोड़ने पर विशेष बल दिया।
श्री पुरोहित ने जिला मिशन प्रबंधन इकाई में आयोजित समीक्षा बैठक में मिशन के विभिन्न कार्यक्रमों एवं योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, भोपाल द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप वित्तीय प्रबंधन, आजीविका संवर्धन, समूह सशक्तिकरण तथा मिशन के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को अधिक से अधिक आयवर्धक एवं स्वरोजगार आधारित गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाए।इसके पश्चात उन्होंने ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) का भ्रमण कर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिभागियों से संवाद किया। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, प्रशिक्षण उपरांत स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना की संभावनाओं की जानकारी लेते हुए प्रतिभागियों को आत्मनिर्भर बनने तथा प्रशिक्षण का लाभ लेकर स्वरोजगार स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
भ्रमण के दौरान श्री पुरोहित ने सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र (सीटीसी) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर केंद्र में संचालित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की तथा केंद्र के अभिलेखों एवं प्रशिक्षण व्यवस्था का अवलोकन किया। साथ ही आजीविका गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा समूहों की सहभागिता बढ़ाने के संबंध में आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।समीक्षा एवं निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान जिला मिशन प्रबंधन इकाई के अधिकारी-कर्मचारी तथा विकासखंड स्तरीय मिशन स्टाफ उपस्थित रहे।











