अमरकंटक एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में बेड रोल सुविधा शुरू
यात्रियों को 30 से 70 रुपये में मिलेगा तकिया और बेडशीट पैकेट

रायपुर/जबलपुर। स्लीपर श्रेणी में सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने दुर्ग-भोपाल-दुर्ग अमरकंटक एक्सप्रेस में भुगतान आधारित बेड रोल सेवा शुरू की है। यह सुविधा 10 जुलाई से ट्रेन संख्या 12853/12854 में लागू की गई है।
रेलवे के अनुसार यात्रियों की जरूरत के हिसाब से तीन प्रकार के बेड रोल पैकेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। दो बेडशीट, एक तकिया और एक तकिया कवर वाले पैकेट की कीमत 70 रुपये रखी गई है। वहीं दो बेडशीट का पैकेट 40 रुपये और एक तकिया व तकिया कवर का पैकेट 30 रुपये में उपलब्ध होगा।
यात्रियों को यह सुविधा ट्रेन के स्लीपर कोच में ही मिलेगी। इसके लिए विशेष बेड रोल अटेंडेंट की व्यवस्था की गई है, जो मांग के अनुसार यात्रियों को पैकेट उपलब्ध कराएंगे। भुगतान के बाद यात्रियों को रसीद भी दी जाएगी। इसके लिए एस-3 कोच की सीट नंबर 79 और 80 अटेंडेंट के लिए आरक्षित की गई हैं।
रेलवे के मुताबिक सुविधा शुरू होने के बाद यात्रियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। वर्तमान में रोजाना औसतन 10 से 15 बेड रोल पैकेट और 30 से 35 तकियों की मांग दर्ज की जा रही है। यात्रियों की मांग बढ़ने पर इसे अन्य ट्रेनों के स्लीपर कोच में भी लागू करने की तैयारी है।













