शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गड़हरा में नशा मुक्ति अभियान, विद्यार्थियों को किया गया जागरूक

सिंगरौली। नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गड़हरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रामचंद्र यादव, यूएमएस मॉडल, वैढ़न एवं शिवम पटेल, सामाजिक न्याय एवं पुनर्वास विभाग, कलेक्टोरेट वैढ़न ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही सुब्बा लाल विश्वकर्मा, उच्च माध्यमिक शिक्षक ने भी विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और समाज पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने छात्रों से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार और समाज में भी नशा मुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया।
प्राचार्य अरुण कुमार दुबे ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने जिला स्तरीय टीम का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।













