कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन, एसडीएम माड़ा को सौंपा ज्ञापन
ब्लॉक अध्यक्ष सतीश जायसवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक अधिकारों और छात्रों के मुद्दों को लेकर जताया विरोध

सिंगरौली। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार माड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा विभिन्न मुद्दों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। ब्लॉक अध्यक्ष सतीश जायसवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माड़ा एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर दिल्ली में छात्रों के साथ हुई कथित पुलिस कार्रवाई, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी एवं लोकतांत्रिक अधिकारों पर हो रहे हमलों के विरोध में अपनी आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में जनता और युवाओं की आवाज को दबाने के किसी भी प्रयास का पार्टी विरोध करती है। उन्होंने संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, मंडलम कमेटी, पंचायत कमेटियों के पदाधिकारी, बीएलए, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराते हुए केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी नाराजगी व्यक्त की।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि पार्टी हमेशा सत्य, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन जारी रखेगी। प्रदर्शन के बाद सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से विभिन्न मांगों एवं मुद्दों पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया।













