देवसर में झोलाछाप डॉक्टरों का जाल, मरीजों की जिंदगी से हो रहा खिलवाड़
मुख्य बाजार से लेकर गांवों तक बिना डिग्री के इलाज, वरिष्ठ समाज सेवी रमापति शुक्ला ने की कार्यवाही की मांग

सिंगरौली। देवसर क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टरों का नेटवर्क लगातार फैलता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक उदासीनता और स्वास्थ्य विभाग की निष्क्रियता के कारण देवसर मुख्य बाजार में एक दर्जन से अधिक झोलाछाप डॉक्टर खुलेआम क्लीनिक संचालित कर रहे हैं। वहीं आसपास के गांवों में भी कथित “मुन्ना भाई” मरीजों का इलाज कर स्वास्थ्य सेवाओं की कमान संभाले हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, ये कथित चिकित्सक बुखार, सर्दी-खांसी जैसी सामान्य बीमारियों के साथ-साथ गंभीर रोगों का भी इलाज कर रहे हैं। बिना मान्यता और आवश्यक चिकित्सीय योग्यता के किए जा रहे उपचार से मरीजों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। कई मामलों में गलत इलाज और अनियंत्रित दवाओं के उपयोग से मरीजों की स्थिति बिगड़ने की आशंका बनी रहती है।
वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व सरपंच रमापति शुक्ला ने इस स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि झोलाछाप डॉक्टरों के बढ़ते प्रभाव पर तत्काल रोक लगाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन से संयुक्त अभियान चलाकर अवैध क्लीनिकों की जांच करने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए वही प्रशासन से मांग की है कि आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे अवैध चिकित्सकों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई की जाए।













