फुटबॉल के मैदान से गूंजा नशामुक्ति का संदेश, युवाओं ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प
"नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान के तहत एनटीपीसी विंध्यनगर में फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित, डीएफए अंडर-17 सिंगरौली बनी विजेता

सिंगरौली। खेल मैदान के माध्यम से युवाओं को नशामुक्ति का संदेश देने के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत एनटीपीसी विंध्यनगर स्थित डॉ. अंबेडकर स्टेडियम में फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के जरिए युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज़ के.एम. के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा उपस्थित रहे। खिलाड़ियों ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता में एमएससी बार्सिलोना जूनियर बैढ़न और डीएफए अंडर-17 सिंगरौली की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। मैच शुरू होने से पहले सभी खिलाड़ियों को अभियान की थीम वाली टी-शर्ट एवं स्पोर्ट्स किट प्रदान की गई, जिससे खेल के साथ नशामुक्ति का संदेश भी प्रभावी रूप से प्रसारित हुआ।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं। युवा अपनी ऊर्जा खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं तथा नशे जैसी सामाजिक बुराई से हमेशा दूर रहें।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को शील्ड और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मुकाबले में डीएफए अंडर-17 सिंगरौली की टीम विजेता रही। मैच का सफल संचालन रेफरी असगर अली, आकाश एवं यश वर्मा द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर हेमंत कुमार, रक्षित निरीक्षक केशव सिंह चौहान, साइबर सेल प्रभारी पवन सिंह, सूबेदार आशीष तिवारी, प्रधान आरक्षक नितिन गौतम, प्रधान आरक्षक आशीष बागरी, ब्लॉक समन्वयक बैढ़न, कल्याण विभाग के राकेश मिश्रा, जिला फुटबॉल खेल संघ के सचिव लवकुश तिवारी, क्रीड़ा भारती के जिला मंत्री संजय कुमार शाह सहित पुलिस अधिकारी, खेल प्रेमी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
सिंगरौली पुलिस द्वारा संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत खेल, शिक्षा, संस्कृति और जनभागीदारी के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।













