ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

चितरंगी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश

5 शातिर वाहन चोरों से चोरी की 9 मोटरसाइकिल बरामद, करीब 10 लाख 40 हजार रुपये का माल जब्त

सिंगरौली। चितरंगी पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की 9 मोटरसाइकिलों के साथ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह का खुलासा हुआ है। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 10 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा तथा एसडीओपी चितरंगी ललित बेग के मार्गदर्शन में चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान 23 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही चितरंगी पुलिस टीम ने संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर थाना क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की।

पुलिस जांच में आरोपी रामदेव सिंह पिता जनकधारी सिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी बगोया, थाना चितरंगी, जिला सिंगरौली तथा उसके नाबालिग साथियों की निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिलें अलग-अलग स्थानों से बरामद की गईं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पैशन प्रो, अपाचे, स्प्लेंडर प्लस और पल्सर सहित कुल 9 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। इन वाहनों को चोरी कर सुनसान एवं खंडहर मकानों में छिपाकर रखा गया था। बरामद मोटरसाइकिलों की कुल अनुमानित कीमत 10 लाख 40 हजार रुपये है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में वाहन चोरी के कई मामले दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जबकि विधि-विरुद्ध बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के आदेश पर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चितरंगी निरीक्षक सूरज तिवारी, उप निरीक्षक एन.के. वर्मा, उप निरीक्षक विशेष साकेत, रमेश प्रसाद कोल, रमेश साकेत, प्रधान आरक्षक प्रमोद बैस, आरक्षक कैलाश सिंह, शिव कुमार पटेल, मुकेश पाण्डेय, शुभम पाल, सुदर्शन चौहान, अमलेश सिंह, वीर प्रताप सिंह तथा सैनिक सुभाष यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Author

Related Articles

Back to top button