बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

खड़ी बस में ट्रक की टक्कर, एक यात्री की मौत

सिवनी हादसे में 15 घायल, पांच की हालत गंभीर

सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के लखनादौन थाना क्षेत्र में रविवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर खड़ी यात्री बस को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। इनमें पांच की हालत गंभीर होने पर उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार भोपाल से मंडला जा रही यात्री बस सिरमंगनी गांव के पास सड़क किनारे रुकी हुई थी। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस का पिछला हिस्सा और ट्रक का अगला भाग क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में कहानी निवासी देवेंद्र पटेल (40) की मौके पर मौत हो गई। अन्य घायलों को तत्काल लखनादौन सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पांच गंभीर घायलों को जबलपुर रेफर किया गया।

सूचना मिलते ही लखनादौन पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद बहाल कर दिया गया। थाना प्रभारी के.पी. धुर्वे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही हादसे का कारण प्रतीत हो रही है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button