नशे की गिरफ्त में युवा, बढ़ती चोरियों से व्यापारियों में आक्रोश
बस स्टैंड के सामने युवक चोरी करते पकड़ा गया, पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग

सिंगरौली। जिले में एक ओर पुलिस नशा मुक्ति अभियान चलाकर युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक कर रही है, वहीं दूसरी ओर नशे की लत से जुड़े युवाओं द्वारा चोरी की वारदातें लगातार बढ़ने से व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। ताजा मामला जिला मुख्यालय स्थित बस स्टैंड मुख्य गेट के सामने का है, जहां स्थानीय व्यापारियों ने एक युवक को कथित रूप से चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
व्यापारियों का आरोप है कि बाजार क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन इनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। उनका कहना है कि कई मामलों में आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं होने के कारण चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरी और नशे से जुड़े मामलों में कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो और व्यापारियों तथा आम नागरिकों में विश्वास कायम रहे। व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं।













